Explore

Search

February 26, 2026 11:26 pm

आईजी के निरीक्षण में मुंगेली पुलिस को मिली जवाबदेही और पारदर्शिता की नई दिशा,सशक्त एप व अनुभव क्यूआर कोड पर विशेष जोर

“आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग का बीट सिस्टम सुदृढ़ करने और त्वरित निराकरण के निर्देश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई,लंबित प्रकरणों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, हर हाल में तय होगी जवाबदेही”

छत्यीसगढ़ ।मुंगेली जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को कसौटी पर कसते हुए रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान साफ शब्दों में चेतावनी दी कि लंबित अपराध, मर्ग और शिकायतों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब स्वीकार नहीं की जाएगी। थानों में जवाबदेही तय होगी और अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों से सीधे फीडबैक लेने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस भोजराम पटेल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक सहित समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

थानों व अभिलेखों की गहन समीक्षा

पहले दिन पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात थाना लोरमी, चिल्फी एवं फास्टरपुर का निरीक्षण किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक रेंज गर्ग ने लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत एवं मुलाहिजा प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गंभीर अपराधों की विवेचना में ई-साक्ष्य संकलन, समयावधि में चालान पेश करने तथा सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।

बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, प्रत्येक आरक्षक को 3 से 4 गांवों की जिम्मेदारी सौंपने तथा ग्राम स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर बल दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए “सायबर प्रहरी” कार्यक्रम के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

परेड निरीक्षण व शस्त्रागार भवन का लोकार्पण

दूसरे दिन रक्षित केंद्र मुंगेली में परेड निरीक्षण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन मुंगेली में नवनिर्मित तीन शस्त्रागार भवनों का लोकार्पण भी किया गया। दरबार लगाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। यातायात व्यवस्था में सुधार लाने तथा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

‘सशक्त एप’ व “अनुभव क्यूआर कोड” पर विशेष जोर

आईजी रेंज गर्ग ने वाहन चोरी की रोकथाम एवं बरामदगी में “सशक्त एप” की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों को वाहन चेकिंग सघन करने के निर्देश दिए। चोरी के दोपहिया वाहन बरामद करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई।

साथ ही “अनुभव क्यूआर कोड” के माध्यम से आम नागरिकों से सीधे फीडबैक प्राप्त करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देशित किया कि बेहतर पुलिसिंग एवं आसूचना संकलन के लिए बीट व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए तथा प्रत्येक बीट के व्हाट्सएप समूह बनाकर जनप्रतिनिधियों, पुलिस मित्रों एवं शासकीय कर्मचारियों को जोड़ा जाए, जिससे अपराधों की रोकथाम पूर्व स्तर पर सुनिश्चित की जा सके।दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS