
“ डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतियोगिता अवधि के दौरान यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें”
दुर्ग छत्तीसगढ़ ।प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई में आयोजित चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 के द्वितीय दिवस विभिन्न श्रेणियों के क्वालिफिकेशन मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रतियोगिता में देशभर से आए पुलिस बल के तीरंदाजों ने तकनीकी दक्षता और अनुशासन का प्रभावी प्रदर्शन किया।

द्वितीय दिवस इंडियन, रिकर्व एवं कंपाउंड स्पर्धाओं के लिए निर्धारित रहा, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग को मिलाकर कुल 219 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। सभी मुकाबले भारतीय तीरंदाजी संघ के नियमों एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित किए गए।

रिकर्व स्पर्धा में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने 70 मीटर से 50 मीटर दूरी तक लक्ष्य साधे, वहीं कंपाउंड स्पर्धा में 50 मीटर दूरी से क्वालिफिकेशन राउंड खेले गए। इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में 50 मीटर एवं 30 मीटर की दूरी से मुकाबले कराए गए।
रिकर्व इवेंट में पुरुष वर्ग के 55 एवं महिला वर्ग के 41 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि कंपाउंड इवेंट में पुरुष वर्ग के 79 एवं महिला वर्ग के 44 प्रतिभागी मैदान में उतरे। प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक इवेंट से 32-32 खिलाड़ियों का चयन आगामी एलिमिनेशन राउंड के लिए किया गया है।

निर्णायक मंडल द्वारा जानकारी दी गई कि 25 फरवरी 2026 को इंडिविजुअल एलिमिनेशन तथा मिक्स्ड टीम एलिमिनेशन राउंड आयोजित किए जाएंगे, जिनमें चयनित खिलाड़ी पदक की दौड़ में उतरेंगे।
प्रतियोगिता का संचालन प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के परिसर में सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में किया जा रहा है। आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो रही है।

दुर्ग डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतियोगिता अवधि के दौरान यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।
प्रधान संपादक


