Explore

Search

February 22, 2026 3:36 am

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जन्मदिन पर मिलीं जन-जन की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री निवास बना उल्लास और आत्मीयता का केंद्र

रायपुर, 21 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उल्लास और स्नेह का वातावरण बना रहा। प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को फलों से तौला गया।

मुख्यमंत्री ने आगंतुकों से आत्मीय संवाद करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को मिलकर निरंतर समर्पण भाव से कार्य करना होगा।

वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई

मुख्यमंत्री निवास में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अनेक मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इसके साथ ही विधायक धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, दीपेश साहू और ललित चन्द्राकर सहित विभिन्न आयोगों और मंडलों के अध्यक्षों एवं सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें बधाई दी।

प्रदेशभर से उमड़ा शुभकामनाओं का सैलाब

उद्योग जगत, व्यापारी संगठनों, खेल प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, दिव्यांग संगठनों, अल्पसंख्यक समाज, शिक्षाविदों और मीडिया जगत से जुड़े वरिष्ठजनों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य कर रही है।

प्रोजेक्ट धड़कन और ‘जिंदगी मुस्कुराएगी’ के बच्चों संग साझा की खुशियां

जिला प्रशासन रायपुर एवं स्वास्थ्य विभाग की पहल प्रोजेक्ट धड़कन के तहत हृदय सर्जरी के बाद स्वस्थ हुए बच्चे पारुल, नमन शर्मा और हिमांशु ध्रुव तथा प्रोजेक्ट जिंदगी मुस्कुराएगी के अंतर्गत नाक की सर्जरी के बाद नन्ही प्रेमिन साहू ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उनके साहस की सराहना करते हुए प्रेरणादायक पुस्तकें भेंट कीं। नमन शर्मा को गोद में उठाकर मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

दिव्य धुन और कला केंद्र के बच्चों ने मोहा मन

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर प्रोजेक्ट दिव्य धुन के अंतर्गत शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय, मठपुरैना के बच्चों ने गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। जसगीत, करमा और देवार गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को ट्रैक सूट, लोवर-टीशर्ट और प्रोत्साहन राशि भेंट की।

कला केंद्र रायपुर के विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कक्षा आठवीं के छात्र आदित्य शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्केच भेंट किया। वायलिन वादक आरीव झा और अमायरा अग्रवाल तथा तबला वादक योगेश सिंह सहित सभी बच्चों को मुख्यमंत्री ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सामाजिक संगठनों ने किया सम्मान

मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों और नागरिकों का तांता लगा रहा। महिला अधिवक्ताओं ने पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया। सिख समाज ने पवित्र कृपाण भेंट की, शदाणी दरबार रायपुर द्वारा सरोपा प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ रामनामी राम-राम भजन संस्था ने मुख्यमंत्री को रामनामी मुकुट और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रायपुर प्रेस क्लब, राज्य प्रशासनिक सेवा संघ और छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के आयुक्त आईपीएस डॉ. रवि मित्तल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।हमर चिन्हारी साहित्य समिति की ओर से मुख्यमंत्री को उनका एक पोर्ट्रेट भी भेंट किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS