Explore

Search

February 21, 2026 6:47 pm

रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी ,अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा

रायगढ़, 21 फरवरी।जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने अफगानिस्तान बनाम कनाडा के बीच खेले जा रहे टी-20 विश्व कप क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुनाईन चौक स्थित अजय कोल्ड्रिंक्स एंड पान सेंटर में एक युवक मोबाइल फोन के जरिए बॉल-टू-बॉल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी को सट्टा नोट करते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत बत्रा (24 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दो एप्पल मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। मोबाइल की जांच में क्रिकेट सट्टा वेबसाइट JMDBET.com पर सक्रिय आईडी पाई गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रोहित अग्रवाल, निवासी हिमालया हाईट्स चक्रधरनगर, तथा मुख्य खाईवाल मन्नु, निवासी रायगढ़, के लिए काम कर रहा था। सट्टा की रकम यूपीआई के माध्यम से ली-दी जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एप्पल आईफोन 13 प्रो, एप्पल आईफोन 12 और 2,000 नगद जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में अन्य आरोपी रोहित अग्रवाल और मन्नु फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एएसपी अनिल सोनी एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS