Explore

Search

April 15, 2026 10:00 am

अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर–चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, 7 मामलों में करीब 9.83 लाख की लूट का खुलासा

छत्तीसगढ़।जांजगीर–चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह का खुलासा करते हुए बिहार के कटिहार जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी छत्तीसगढ़ के जांजगीर–चांपा, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर व सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिलों में सात वारदातों को अंजाम देकर करीब 9.83 लाख रुपये की लूट कर चुके थे।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पांडेय ने बताया कि थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम धरदेई में 13 फरवरी को 2.5 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद साइबर टीम को जांच सौंपी गई थी। तकनीकी साक्ष्यों व 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद आरोपियों को बिलासपुर के एक लॉज से गिरफ्तार किया गया।

2.5 लाख की लूट का हुआ खुलासा

एसपी ने बताया कि थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरदेई में 13 फरवरी 2026 को 2.5 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई थी। प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 309(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की।

150 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले

जांच के दौरान घटनास्थल से लेकर जांजगीर और बिलासपुर मार्ग पर लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान के बाद तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों के बिहार से होने की पुष्टि हुई।

पुलिस टीम ने बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक लॉज से दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने जांजगीर–चांपा सहित अन्य जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

बैंक से पैसा निकालने वालों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बैंक से बड़ी राशि निकालने आए महिलाओं और बुजुर्गों की रेकी कर उनका पीछा करते थे और सुनसान जगह पाकर लूट की घटना को अंजाम देते थे। कई मामलों में पीड़ितों को गुमराह करने के लिए खुजली पाउडर केंवाच का भी इस्तेमाल किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपक यादव (36), निवासी नया टोला, जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28), निवासी नया टोला, जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) शामिल है ।गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता सहित दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

आरोपियों से पुलिस ने दो मोटरसाइकिल चोरी की, फर्जी छत्तीसगढ़ नंबर प्लेट लगी 4 फर्जी आधार कार्ड 3 कीपैड मोबाइल फोन खुजली पाउडर और 10,500 रुपये नकद बरामद किया है,

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

एसपी विजय पांडेय ने बताया कि इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक साइबर राजीव श्रीवास्तव थाना शिवरीनारायण सहित साइबर व थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसपी की जनता से अपील

पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी राशि निकालते समय सतर्क रहें, अनजान लोगों को जानकारी न दें, संभव हो तो ऑनलाइन लेन-देन का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS