Explore

Search

February 17, 2026 9:05 pm

अबूझमाड़ में आईटीबीपी को बड़ी सफलता, नक्सलियों का डम्प बरामद

नारायणपुर।नक्सल विरोधी अभियान के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी को अबूझमाड़ क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। अग्रिम सीओबी जाटलूर से संचालित ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखा गया एक नक्सल डम्प बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सली डम्प की सूचना मिलने पर कमांडेंट रोशन सिंह असवाल के मार्गदर्शन में सीओबी जाटलूर से लगभग 3.5 किलोमीटर पश्चिम स्थित हाइट-669 क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन पेट्रोल (एडीपी) और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली गई, जिसमें नक्सल डम्प का पता चला।

डम्प मिलने के बाद ऑपरेशन कमांडर सहायक सेनानी राम कुमार मौर्य के निर्देश पर वाहिनी के बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा जांच के बाद डम्प में मौजूद सभी सामग्रियों को सुरक्षित रूप से कैंप लाया गया।

बरामद सामग्री में हैंड ग्रेनेड, पावर बैंक, डायरी, नक्सल बैनर, नक्सल प्रेस सामग्री, कैमोफ्लाज बैग, पुरुष व महिला कपड़े, नक्सल वर्दी, बेडशीट, रैंक स्टार, टॉर्च, एयरफोन, फोटोग्राफ और दवाइयां शामिल हैं। दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्र को देखते हुए कुछ अनुपयोगी सामग्री को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट किया गया।

इस पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या सुरक्षा बलों को नुकसान नहीं हुआ। बरामद नक्सल सामग्री को विधिवत जब्ती मेमो तैयार कर थाना ओरछा, नारायणपुर को सुपुर्द किया जा रहा है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी ने स्पष्ट किया है कि अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के सघन सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे। सुरक्षा बलों के अनुसार यह कार्रवाई नक्सलियों के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS