सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई,रायपुर में पदस्थ है आरक्षक हिमांशु बर्मन
छत्तीसगढ़ ,रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में पदस्थ एक आरक्षक को हेरोइन चिट्टा के अवैध विक्रय के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लगभग एक ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम आईपीएस संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में सूखे नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन 34 वर्ष निवासी ग्राम कुण्डा, जिला कबीरधाम, हाल निवासी जनता कॉलोनी, पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई।
इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है। मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक की कड़ी को खंगाला जा रहा है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।
प्रधान संपादक


