परीक्षा के तीन घंटे जीवन का भविष्य तय नहीं करते, उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न होने पर निराश न हों, बल्कि अगली चुनौती के लिए और बेहतर तैयारी करें

बिलासपुर, 11 फरवरी 2026।जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया। जिला प्रशासन यूनिसेफ एवं छत्तीसगढ़ अग्रिकॉन समिति के संयुक्त तत्वावधान में हम होंगे कामयाब कार्यक्रम के तहत आयोजित इस संवाद में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि 20 और 21 फरवरी से कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं, जिनमें जिले के लगभग 37 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। यह समय वर्षभर की मेहनत के मूल्यांकन का है, ऐसे में घबराने के बजाय धैर्य और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने नियमित अध्ययन किया है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और यदि किसी विषय में कमी महसूस हो रही हो तो संयम के साथ तैयारी को मजबूत करें।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का अंतिम पैमाना न मानने की सलाह देते हुए कहा कि किसी एक परीक्षा से व्यक्ति की संपूर्ण क्षमता तय नहीं होती। उन्होंने कहा कि परीक्षा के तीन घंटे जीवन का भविष्य निर्धारित नहीं करते। आत्मविश्वास निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर थॉमस एडिसन धीरूभाई अंबानी स्टीव जॉब्स और कपिल शर्मा जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 40 मिनट शारीरिक व्यायाम करने सकारात्मक मित्रों का चयन करने तथा समूह चर्चा के माध्यम से अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चर्चा से विषयों की समझ बेहतर होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। कठिन विषयों में नियमित अभ्यास से सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने समय प्रबंधन मानसिक एकाग्रता और गैजेट्स के उपयोग से जुड़े प्रश्न पूछे जिनका कलेक्टर ने सरल और व्यावहारिक सुझावों के माध्यम से समाधान बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न होने पर निराश न हों, बल्कि अगली चुनौती के लिए और बेहतर तैयारी करें।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने पर्याप्त नींद लेने और संतुलित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा ओम पांडे उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


