Explore

Search

February 11, 2026 6:24 pm

रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, 28 लाख का माल बरामद

कई थाना क्षेत्रों की चोरी का हुआ खुलासा,सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता,हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम भी गिरफ्तार

रायपुर।रायपुर पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ चोरी के मामलों का खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एसीसीयू की टीम ने इस कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों में चोरी के तरीके सीखते थे और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते थे। इसके अलावा सूने मकानों को चिन्हित कर ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं भी की गईं।

कई थाना क्षेत्रों की चोरी का हुआ खुलासा

पुलिस ने जिन मामलों का खुलासा किया है, उनमें रायपुर के खम्हारडीह, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, पंडरी, विधानसभा थाना क्षेत्र के साथ-साथ आरंग और बलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र की घटनाएं शामिल हैं। इन मामलों में घरों से जेवरात और नगदी चोरी के साथ ही ज्वेलरी दुकानों से सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र चोरी करने या चोरी का प्रयास किया गया था।

सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता

पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबरएम स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एसीसीयू और संबंधित थानों की छह टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और हाल ही में जेल से रिहा हुए अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम भी गिरफ्तार

खम्हारडीह और डीडी नगर थाना क्षेत्र की चोरी के मामलों में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 18 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नगद और चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार संजय नेताम के खिलाफ पूर्व में भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं और वह जेल जा चुका है।

अन्य मामलों में भी आरोपियों की गिरफ्तारी

पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब दो लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। वहीं आरंग, पंडरी और पलारी क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों से जुड़ी चोरी की घटनाओं में तीन आरोपियों को पकड़ा गया, जिनसे करीब पांच लाख रुपये का माल बरामद हुआ। विधानसभा थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात और नगद जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS