Explore

Search

February 10, 2026 3:01 pm

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बंगाल को दी बड़ी रेल अवसंरचना सौगात, आसनसोल-बोकारो मेमू सेवा सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण

नई दिल्ली 08 फरवरी 2026।केंद्रीय रेल सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पश्चिम बंगाल को महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना सौगात दी। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की उपस्थिति में सिउड़ी रोड ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया गया कुमारपुर रोड ओवर ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा बहुप्रतीक्षित आसनसोल बोकारो स्टील सिटी नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई गई।

सिउड़ी में आयोजित कार्यक्रम में अनुप कुमार साहा जगन्नाथ चट्टोपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउसकर ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल एवं समीपवर्ती क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय संपर्क सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे को 14,205 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटन किया गया है, जो पूर्ववर्ती शासनकाल की औसत वार्षिक राशि से तीन गुना से भी अधिक है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य में लगभग 92,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं।

श्री वैष्णव ने कहा कि हाल के समय में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल में रेल संपर्क को सशक्त करने के लिए एक दर्जन से अधिक नई रेलगाड़ियों का शुभारंभ किया गया है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और पहली अमृत भारत ट्रेन का संचालन भी पश्चिम बंगाल से प्रारंभ किया गया है, जो पूर्वी भारत के समग्र विकास हेतु ‘पूर्वोदय’ दृष्टिकोण को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष के रेल बजट में पश्चिम बंगाल के लिए पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की घोषणा की गई है जो सिलिगुड़ी से प्रारंभ होगी। इसके अतिरिक्त, पूर्व पश्चिम समर्पित माल गलियारे को भी स्वीकृति प्रदान की गई है जिससे पश्चिम बंगाल को गुजरात से जोड़ा जाएगा। उत्तर बंगाल के ‘चिकन नेक’ क्षेत्र में निर्बाध एवं सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने हेतु भूमिगत रेल कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।

रेल मंत्री ने कहा कि राज्य में संपर्क सुधार से जुड़ी 17 रेलवे परियोजनाएं प्रस्तावित अथवा प्रगति पर हैं, जिनकी समयबद्ध पूर्णता के लिए राज्य सरकार का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने जनहित में राज्य सरकार से सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं से सिउड़ी आसनसोल एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या कम होगी, यात्रा समय घटेगा तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

रोड ओवर ब्रिज परियोजनाएं

सिउड़ी रेलवे स्टेशन के समीप लेवल क्रॉसिंग संख्या 22B/T के स्थान पर 42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रोड ओवर ब्रिज से लंबे समय से चली आ रही जाम एवं दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, बाराचक हिरापुर यार्ड लाइन के बीच कुमारपुर में 55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रोड ओवर ब्रिज जीटी रोड कॉरिडोर पर यातायात दबाव कम करने में सहायक होगा जिससे पश्चिम बर्धमान आसनसोल क्षेत्र एवं झारखंड के बीच व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

आसनसोल–बोकारो मेमू सेवा औद्योगिक जीवनरेखा

इसी अवसर पर आसनसोल बोकारो स्टील सिटी के बीच नई मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट मेमू सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा पश्चिम बंगाल और झारखंड के दो प्रमुख इस्पात केंद्रों को जोड़ते हुए औद्योगिक शैक्षणिक एवं सामाजिक संपर्क को सुदृढ़ करेगी।

उद्घाटन अवसर पर 08 फरवरी 2026 को आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी मेमू उद्घाटन विशेष सायं 17:00 बजे आसनसोल से रवाना होकर 21:45 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंची

नियमित रूप से 63592/63591 आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी–आसनसोल मेमू पैसेंजर का संचालन 10 फरवरी 2026 से किया जाएगा। यह 8 कोच की मेमू रेक से संचालित होगी तथा रविवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी।

63592 आसनसोल से सुबह 07:00 बजे प्रस्थान कर 11:15 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंचेगी, जबकि 63591 बोकारो स्टील सिटी से 15:40 बजे चलकर 19:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी।

यह सेवा बर्नपुर दामोदर मधुकुंडा मुराडीह रामकनाली बेरो जयचंडी पहाड़ गढ़रूबेश्वर अनारा बगालिया कुस्तौर छर्रह पुरुलिया गौरीनाथधाम, चास रोड गरजईपुर दमरूघुटू पुंडाग एवं राधागांव सहित कई मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस मेमू सेवा से औद्योगिक श्रमिकों, दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को किफायती, सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही, छोटे स्टेशनों पर बढ़ती आवाजाही से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन अवसर पर आसनसोल स्टेशन पर सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो उपस्थित रहे जबकि कुमारपुर में विधायक अजय कुमार पोद्दार एवं विधायक श्रीमती अग्निमित्रा पॉल की उपस्थिति रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS