पाँच लाख का गांजा, स्विफ्ट कार व मोबाइल फोन जब्त, दो आरोपी फरार
रायपुर।पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 7 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राहुल देव से मिली जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ व्यक्ति गांजा लेकर उसकी डिलीवरी के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन श्री संदीप पटेल के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि चालक सीट पर बैठे एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हिमांशु केशरवानी 29 वर्ष निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा के कालाहांडी से गांजा लाकर रायपुर एवं उत्तर प्रदेश में विक्रय करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.300 किलोग्राम गांजा कीमत लगभग 2.05 लाख रुपये स्विफ्ट कार कीमत लगभग 5 लाख रुपये तथा दो वीवो मोबाइल फोन कीमत लगभग 50 हजार रुपये जब्त किए।
इस मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर प्रकरण में एंड-टू-एंड जांच एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


