जगदलपुर, 07 फरवरी।राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के जगदलपुर प्रवास एवं बस्तर पंडुम 2026 के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम का सफल और शांतिपूर्ण आयोजन आईजी बस्तर रेंज आईपीएस सुंदरराज पी के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा की गई सुदृढ़ सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का प्रतिफल रहा।
राष्ट्रपति के माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर आगमन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा घेरा यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय योजना लागू की गई। आईजी सुंदरराज पी के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों, जिला पुलिस बल, विशेष सुरक्षा इकाइयों एवं सहयोगी एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बस्तर पुलिस के अधिकारी एवं जवान लगातार फील्ड में तैनात रहे। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी, तकनीकी साधनों के माध्यम से मॉनिटरिंग तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के कारण आयोजन पूर्णतः सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहा।

बस्तर पंडुम 2026 जैसे राष्ट्रीय महत्व के सांस्कृतिक आयोजन में बस्तर पुलिस की पेशेवर दक्षता और अनुशासित कार्यप्रणाली स्पष्ट रूप से देखने को मिली। शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम से आम नागरिकों कलाकारों एवं आगंतुकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और संतोष का भाव दिखाई दिया।

बस्तर पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से ऐतिहासिक बने, बल्कि पुलिस जन सहयोग, सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक क्षमता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करे।
प्रधान संपादक


