जशपुर। पत्थलगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें तथा एक घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कुल पांच वाहन जब्त किए हैं। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमित कुजूर (27), निवासी दिवानपुर घुलामा, थाना पत्थलगांव ने 12 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जनवरी को वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 14 एमएम 1203) से फुलेता साप्ताहिक बाजार गया था। बाजार के दौरान उसने वाहन अंबिकापुर जाने वाली सड़क किनारे खड़ा किया था, लेकिन लौटने पर मोटरसाइकिल चोरी मिली। रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 12/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए राजेश पावले अपने साथियों राकेश सिंह पावले और अजय कुमार पावले के साथ ग्राहक तलाश कर रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 13 जनवरी को चोरी की गई मोटरसाइकिल सीजी 14 एमएम 1203 तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इसके अलावा आरोपी राकेश सिंह पावले की निशानदेही पर पहले चोरी की गई एक हीरो एचएफ डिलक्स और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल जंगल में छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली, जिन्हें बरामद कर लिया गया। वहीं, आरोपी अजय कुमार पावले की निशानदेही पर एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जंगल से जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश पावले (26), राकेश सिंह पावले (24) तथा अजय सिंह पावले (19), सभी निवासी थाना सीतापुर, जिला सरगुजा शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने पर 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विनीत पाण्डेय, उपनिरीक्षक कृपादान लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक लेखन साहू सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए न केवल प्रार्थी की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की, बल्कि अन्य तीन चोरी की मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं। उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया है।
प्रधान संपादक


