बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी करने वालों पर पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा चाकू लेकर घूम रहे लोगों पर पुलिस की टीम निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को तारबाहर पुलिस की टीम ने एक युवक को पुराना बस स्टैंड के पास चाकू लेकर घुमते गिरफ्तार कर लिया। युवक को थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह ने चाकूबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शहर में धारदार हथियार और चाकू लेकर घूमने वालों पर पुलिस की ओर से नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीम अलग-अलग जगहों पर जांच अभियान चलाकर संदिग्धों पर नजर रखे हुए हैं। इसी कड़ी में शनिवार की शाम पुराना बस स्टैंड के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान संदिग्धों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही थी। जांच के दौरान करबला क्षेत्र में रहने वाला राजू साहू पुलिस को गोलमोल जवाब दे रहा था। युवक की गतिविधियां संदिग्ध होने पर जवानों ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास बटनवाला चाकू मिला। इसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। युवक को थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने दी शाबाशी, मिलेगा इनाम
वाहन चेकिंग के दौरान जवानों की सतर्कता की वजह से युवक धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। इससे एक गंभीर हादसा भी टल गया। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की सराहना की है। साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों और थाना प्रभारी को इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों पर और बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रधान संपादक


