Explore

Search

January 20, 2026 12:00 am

ड्यूटी के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन, यातायात पुलिस के 25 जवानों को मिला इनाम

बिलासपुर। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में बुधवार को यातायात विभाग का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुशासन, कार्यकुशलता, टर्नआउट एवं मैन्युअल अभ्यास का अवलोकन किया गया। एएसपी रामगोपाल करियारे ने इस दौरान विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्रोत्साहित किया। साथ ही इसे सर्विस बुक में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत टोली बनाकर ड्रिल और यातायात मैन्युअल अभ्यास से हुई। इसके बाद विभागीय वाहनों का रखरखाव, उनमें रखी आपात सामग्री जैसे मेडिकल किट, रस्सी, जीवन रक्षक दवाइयां, व्हील लॉक आदि की जांच की गई। बेहतर अनुशासन और टर्नआउट वाले 25 अधिकारियों-कर्मचारियों को इनाम दिया गया, वहीं लापरवाह कर्मचारियों को हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान यातायात संकेतों और तकनीकी यंत्रों का भी प्रदर्शन एवं अवलोकन किया गया। अधिकारियों को यातायात नियमों, संकेतों और दिशा-निर्देशों की जानकारी अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, विषम परिस्थितियों में भी आम जनता से सौहार्द्रपूर्ण व्यवहार करने की सीख दी गई।
स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया। लंबे समय तक खड़े रहने वाले कर्मचारियों को पैरों की नसों और सांस संबंधी परेशानियों की जानकारी दी गई तथा सजग रहने की प्रेरणा दी गई। उपस्थित सभी कर्मियों से उनकी व्यक्तिगत समस्याएं पूछी गईं और वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराने आश्वस्त किया गया। निरीक्षण के अंतर्गत प्रमुख मार्गों पर वाहनों के साथ सायरन बजाकर पेट्रोलिंग की गई। कुल 100 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने निरीक्षण में भाग लिया और पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS